दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में बीती रात बहुत बड़ा हादसा हो गया। देर रात हैलोवीन फेस्टिवल मनाने पहुंचे लोगों के बीच भगदड़ मच गई। इस फेस्टिवल के जश्न का शोर मातमी चीखों में बदल गया। इस भगदड़ में लोग एक दूसरे को रौंदकर भागने लगे। जो नहीं भाग सके उनकी सांसे उखड़ गईं। इस हादसे में अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है की मरने वालों में 19 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। जबकि सैकड़ों घायलों का इलाज फ़िलहाल जारी है। एक चश्मदीद ने बताया कि वो दृश्य एकदम युद्ध जैसा था। हम फिल्मों में जैसे देखते हैं कि कोई युद्ध हो रहा है उसमें कैसे एक-एक करके लोग मरते हैं, लाशें गिरती जाती हैं। सैनिक यहां वहां भागते हैं। चीख पुकार मची होती है। उन्होंने बताया कि सियोल में भी कुछ-कुछ ऐसा ही दिख रहा था। जान बचाने को भागते लोग। गलती से कोई गिर गया तो उसके ऊपर से हजारों लोग गुजर रहे थे। लोगों की सांसें रुकती जा रही थी। उनका दम घुटता जा रहा था। इस हादसे में 150 से ज्यादा लोग मारे गए और 80 से ज्यादा घायल हुए। घटनास्थल पर मौजूद एक चिकित्सक डॉ ली बेओम सुक ने बताया कि उन्होंने सीपीआर देकर कुछ घायलों को सही करने की कोशिश की थी। लेकिन इसके बाद तो अचानक हजारों लोग गिरने लगे। सीपीआर के साथ हमारी मदद करने के लिए कई लोग सामने आ रहे थे। पूरे फुटपाथ पर लोग गिरते जा रहे थे। उन्हें पंप किया जा रहा था। उनके सीने में प्रेशर दिया जा रहा था ताकि सांस वापिस लौटे। कई लोगों की सांस वापस भी आई मगर ज्यादातर लोगों ने दम तोड़ दिया। साउथ कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने इस हादसे के बाद वहां का निरीक्षण भी किया। वहीं राष्ट्रपति ने आपात बैठक भी बुलाई है। इससे पहले राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने एक बयान जारी कर अधिकारियों से घायलों का तेजी से इलाज सुनिश्चित करने और उत्सव स्थलों की सुरक्षा की समीक्षा करने का आह्वान किया था। हैलोवीन फेस्टिवल को 31 अक्टूबर के दिन मनाया जाता है जिसे ईसाई बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं। इसे पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए मनाया जाता है। इस पार्टी में लोग डरावने मेकअप करके पहुंचते हैं, जिससे वे डरावने लग सकें। हालांकि इस त्योहार को गैर-ईसाई भी दुनियाभर के अलग-अलग जगहों पर बड़े ही एक्साइटमेंट के साथ मनाते हैं।
साउथ कोरिया में हैलोवीन पार्टी में मौत का तांडव, अब तक 150 से ज्यादा की मौत
RELATED ARTICLES