चुनाव आयोग ने गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात में पिछली बार की तरह दो चरणों में चुनाव होंगे। वोटिंग 1 और 5 दिसंबर को होगी। आयोग के अनुसार गुजरात और हिमाचल प्रदेश की मतगणना 8 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग के प्रमुख ने बताया कि गुजरात चुनाव में इस बार 4.9 करोड़ मतदाता हैं। कुल पोलिंग स्टेशन की संख्या 51 हजार से ज्यादा है। गुजरात चुनाव में दिव्यागों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि गुजरात चुनाव में दिव्यागों के लिए 182 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। गुजरात चुनाव में 3.24 लाख मतदाताओं को पहली बार मतदान का मौका मिलेगा। यह बात चुनाव आयोग की प्रेसवार्ता के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताई। गुजरात में दो चरणों में चुनाव होंगे। एक व पांच दिसंबर को मतदान होगा व हिमाचल चुनाव के साथ आठ दिसंबर को नतीजे जारी होंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, गुजरात में पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान होंगे। वहीं दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
ईवीएम पर सवाल उठाने पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिया जवाब
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कांग्रेस के ईवीएम पर सवाल उठाने का आज जवाब दिया है। राजीव कुमार ने कहा कि हमारे परिणाम वास्तव में शब्दों से अधिक बोलते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव के परिणामों से पता चला है कि जो भी लोग आलोचना करते हैं उन्हें उनके पक्ष में आश्चर्यजनक परिणाम भी मिले हैं। पीएम के गुजरात दौरे के कारण मतदान की तारीखों में देरी के आरोपों पर राजीव कुमार ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मोरबी में हुई दुखद घटना देरी होने का एक कारण रही। कई सारे कारणों से घोषणा में देरी होगी।
2017 में भाजपा को 99, कांग्रेस को 77 सीटें मिलीं थी
गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए 92 सीटों की जरूरत होती है। 2017 के विधानसभा चुनाव भाजपा को 99, कांग्रेस को 77 सीटें मिलीं थी। छह सीटें निर्दलीय और अन्य के खाते में गई थीं। राज्य की सीटों को क्षेत्रवार देखें तो मध्य गुजरात में 68, सौराष्ट्र एवं कच्छ में 54, उत्तर गुजरात में 32 और दक्षिण गुजरात में 28 सीटें आती हैं। पिछले 24 साल से गुजरात की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी ही काबिज है, लेकिन इस बार समीकरण बदले नजर आएंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली और पंजाब जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात में भी पूरी ताकत लगा दी है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। आपको बता दे की गुजरात में पिछली बार दो चरणों में चुनाव हुए थे। 25 अक्टूबर 2017 को चुनाव तारीखों का एलान हुआ। पहले चरण के लिए 14 नवंबर को अधिसूचना जारी हुई थी और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को। पहले चरण का चुनाव नौ दिसंबर 2017 और दूसरे चरण का चुनाव 14 दिसंबर को नतीजे आए थे। पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग हुई थी।