Dussehra 2024: दशहरा पर शमी का पौधा लगाएं, दूर होंगे सभी दोष
Dussehra 2024: विजयादशमी या दशहरे के दिन पूजा-पाठ के साथ कुछ विशेष उपाय करने की परंपरा है, जिनसे ग्रह-दोष और वास्तु दोष दूर होते हैं। इस साल दशहरा 12 अक्टूबर 2024 को मनाया जा रहा है, और इस दिन शमी का पौधा लगाना अत्यधिक शुभ माना जाता है।
शमी का पौधा क्यों लगाते हैं?
शमी का पौधा शनि देव का प्रतीक माना जाता है। दशहरे के दिन शमी के पेड़ की पूजा और रोपण से शनि दोष के साथ-साथ राहु-केतु दोष भी समाप्त हो जाते हैं। खासकर जब दशहरा शनिवार को आता है, तब शमी का पौधा लगाना विशेष फलदायी होता है।
शमी पूजन का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रावण के साथ युद्ध से पहले भगवान श्रीराम ने शमी वृक्ष की पूजा की थी। साथ ही, पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान अपने अस्त्र-शस्त्र शमी वृक्ष के पास छिपाए थे। शमी के पत्तों को स्वर्ण के समान माना जाता है और कुबेर द्वारा राजा रघु को शमी के पत्ते सोने में परिवर्तित करने की कथा भी इससे जुड़ी है।
कहां लगाएं शमी का पौधा?
वास्तु शास्त्र के अनुसार, शमी का पौधा घर के बाहर, आंगन या बालकनी में लगाना चाहिए, लेकिन घर के भीतर इसे नहीं लगाना चाहिए। इसे लगाने के लिए दक्षिण दिशा शुभ मानी जाती है।
शमी पूजन से लाभ
दशहरे के दिन शमी का पूजन करने से शनि दोष, साढ़ेसाती और ढैय्या के प्रभावों से मुक्ति मिलती है और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।