बेंगलुरु में फ्रिज में मिले महिला के शव के 30 टुकड़े, NCW ने 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
नेशनल कमिशन फॉर वुमेन (NCW) ने बेंगलुरु में एक महिला के शव के 30 टुकड़ों में मिलने के मामले में कर्नाटक पुलिस को सख्त जांच के निर्देश दिए हैं। एनसीडब्ल्यू को इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मिली, जिसके बाद पुलिस से तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट की मांग की गई है।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी
सोमवार, 23 सितंबर 2024 को एनसीडब्ल्यू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बताया कि उन्हें एक मीडिया पोस्ट से इस घटना के बारे में जानकारी मिली, जिसका शीर्षक था: “बेंगलुरु में फ्रिज के अंदर महिला का शव 30 टुकड़ों में कटा हुआ मिला”। इस जानकारी के बाद, महिला आयोग ने तुरंत कर्नाटक पुलिस को सभी संबंधित लोगों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और जांच को समयबद्ध और गहन तरीके से करने का निर्देश दिया।
पुलिस को मिली थी जानकारी
पुलिस को यह मामला 21 सितंबर 2023 को तब पता चला जब बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में लोगों ने एक घर से तेज बदबू आने की सूचना दी। व्यालिकावल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में जब पुलिस ने छानबीन की तो एक फ्रिज में 29 वर्षीय महिला के शव के 30 से अधिक टुकड़े मिले। महिला की पहचान महालक्ष्मी के रूप में की गई है, जिसकी हत्या एक सप्ताह पहले हुई थी।
हत्या में किसी करीबी का शक
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम क्षेत्र) एन सतीश कुमार ने बताया कि महिला की पहचान हो गई है और वह मूल रूप से किसी दूसरे राज्य की थी। पुलिस को संदेह है कि हत्या में पीड़िता के किसी करीबी का हाथ हो सकता है। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और शव को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से हत्या की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
पति से पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, महिला एक मॉल में काम करती थी और अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति, जो बेंगलुरु से दूर एक आश्रम में काम करता है, घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर में आया है और उससे भी पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही और जानकारी देने का दावा कर रही है।