गुजरात में बीजेपी रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल करने की तरफ तेजी से अग्रसर है। इस तरह गुजरात में एक बार फिर से बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। 12 दिसंबर को भूपेंद्र पटेल एक बार फिर से राज्य के सीएम पद की शपथ लेंगे। गुजरात 24 साल से भाजपा का गढ़ है, लेकिन इस बार की जीत अलग है। इस चुनाव ने गुजरात को भाजपा का ऐसा किला बना दिया, जिसे अगले एक-दो चुनाव तक भेद पाना बाकी दलों के लिए बेहद मुश्किल होगा। यहां दो रिकॉर्ड भी बने हैं। पहला गुजरात के चुनावी इतिहास में किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी जीत है। दूसरा कांग्रेस का यह अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। जबकि हिमाचल भाजपा के हाथ से निकल चुका है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। हिमाचल प्रदेश की जनता ने अपने रिवाज को बरकरार रखते हुए राज्य में एक बार फिर से सरकार बदलने का आदेश सुना दिया है। कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है। सीएम जयराम ठाकुर ने हार मान ली है। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। जयराम ने नई सरकार को शुभकामना देते हुए कहा कि बहुमत संभालना कांग्रेस का काम है। उधर, गुजरात असेंबली में पार्टी का खाता खुलने से अरविंद केेजरीवाल खासे उत्साहित हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का कहना है कि हम राष्ट्रीय दलों में शुमार हो गए हैं। अगले चुनाव में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे।
गुजरात में भाजपा की बंपर जीत के बाद पीएम मोदी, थैंक्यू, गुजरात। अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत अधिक भावनाओं से अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति का आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की है कि वे चाहते हैं कि यह गति और तेज गति से चलती रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।