दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना खत्म हो गई है। आम आदमी पार्टी ने 134 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने भी नौ सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं, तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। इस तरह 15 साल चला भाजपा का राज खत्म हो गया है। हालांकि आप की जीत उतनी बड़ी नहीं रही, जितना एग्जिट पोल में दिखाया गया था। आपकों बता दें कि MCD की 250 सीटों पर 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। इन चुनाव में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से 382 प्रत्याशी निर्दलीय थे। बीजेपी और AAP ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने कैंडिडेट्स उतारे थे, जबकि कांग्रेस ने 247 उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में उतारे थे।
बीजेपी का भी सहयोग चाहता हूं: सीएम केजरीवाल
इस जीत के बाद सीएम केजरीवाल ने कहा की दिल्ली के लोगों ने बड़ा मैसेज दिया है। पॉजिटिव राजनीति करो, नैगेटिव राजनीति नहीं करनी। जनता के बीच जाकर कहते हैं कि आपके बच्चों के लिए स्कूल, परिवार के लिए इलाज का इंतजाम किया है। हम गाली गलौच नहीं करते। मेरा दिल कहता है कि पॉजिटिव राजनीति बढ़ेगी, तो देश दुनिया का नंबर 1 देश बनेगा। गुंगागर्दी, लफंगई से देश आगे नहीं बढ़ेगा। 75 साल से पीछे है। अब टाइम नहीं है। विकास और पॉजिटिव की राजनीति करनी पड़ेगी। दिल्ली के लोगों को बधाई। सबसे कहता हूं कि अहंकार मत करना। बड़ी-बड़ी सत्ता गिर गई है। कई सारे पार्षद, विधायक, मंत्री बने हैं, कोई अहंकार नहीं करे, अहंकार किया, तो ऊपर वाला माफ नहीं करेगा। दिल्ली को ठीक करने में उनका भी सहयोग लेंगे। सबको मिलकर काम करना है। सभी से अपील है सभी प्रत्याशी, सभी पार्टियों से कहता हूं कि राजनीति आज तक है। सबको मिलकर दिल्ली ठीक करनी है। बीजेपी का भी सहयोग चाहता हूं। कांग्रेस का भी सहयोग चाहता हूं। सबके सहयोग और लोगों को मिलकर दिल्ली को ठीक करूंगा। 250 पार्षद किसी पार्टी के नहीं, दिल्ली के पार्षद हैं। आज के बाद सभी पार्टियां सहयोग करेंगी। जिन लोगों ने वोट दिया, उनका बहुत-बहुत शुक्रिया। जिन्होंने वोट नहीं किया, पहले उनके काम करवाऊंगा।
दिल्ली नगर निगम में महापौर पद के लिए चुनाव में पार्षदों के साथ लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य भी वोट करते हैं।
250 पार्षद
7 लोकसभा सदस्य
3 राज्यसभा सदस्य
कुल वोट 260
बहुमत का आंकड़ा 131