मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा का पाठ और लड्डू गोपाल का अभिषेक करने की अखिल भारत हिंदू महासभा की घोषणा के बाद सतर्क पुलिस प्रशासन ने अब पदाधिकारियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा समेत पांच पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद किया गया है। एसएसपी ने बताया कि अभी तक आठ से ज्यादा लोगों को हाउस अरेस्ट भी किया गया है। वहीं, कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। पुलिस की सक्रियता देख कई पदाधिकारी भूमिगत हो गए हैं। इसके साथ ही श्री कृष्ण जन्म स्थान और ईदगाह की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस का पहरा है। हर व्यक्ति को चेकिंग करने के बाद ही एंट्री दी जा रही है। श्री कृष्ण स्थान जन्मस्थान के चारों ओर से आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी की गई है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मथुरा में सुरक्षा को 10 जोन में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस RAF, पीएसी, इंटेलीजेंस के जवान तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी अफवाह फैलाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है, उन्हें भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ईदगाह और जन्मस्थान जाने वाले सभी मार्गों पर मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार भोर तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि केवल एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को ही इधर से गुजरने की अनुमति होगी।
मथुरा शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा पाठ के एलान के बाद 12 लोग हिरासत में
RELATED ARTICLES