फिरोजाबाद में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां जसराना के मुख्य बाजार में एक दुकान के ऊपर बने मकान में भीषण आग लग गई। इस आगजनी में चार बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई है। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए फिरोजाबाद के अलावा आगरा, एटा और मैनपुरी से दमकल की 18 गाड़ियां और 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फिरोजाबाद थाना इलाके में हुई इस घटना के पीछे मुख्य वजह घर में शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। एसएसपी आशीष तिवारी के अनुसार, ये शॉट सर्किट घर की इनवर्टर बैटरी में हुआ था। आग लगते ही कस्बे में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार इसी मकान में रमन कुमार की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर की दुकान है, वहीं ऊपर उनका परिवार रहता था। आग की लपटें देखकर लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। मृतकों में एक पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।
इस हादसे पर उत्तरप्रदेश के मुख़्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।