फरीदाबाद में आयोजित रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा को पहली बार मनोहर लाल के रूप में हरियाणा का मुख्यमंत्री मिला है। इससे पहले सिरसा और रोहतक के मुख्यमंत्री होते थे। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रैली के माध्यम से हरियाणा के भाजपा नेता स्वर्गीय डॉक्टर मंगल सेन की जयंती पर उन्हें याद किया और महाकवि सूरदास का भी जिक्र किया। भारतीय जनता पार्टी की जन उत्थान रैली में गृहमंत्री अमित शाह ने मनोहर सरकार के 8 साल के कामों का गुणगान किया। अमित शाह ने आज हरियाणा को 6600 करोड़ के 4 बड़े प्रोजेक्टों की सौगात दी। इसके साथ ही हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इसके बाद रोहतक एलिवेटेड रेल पथ, रेल कोच नवीनीकरण कारखाना सोनीपत और हरियाणा पुलिस आवासीय परिसर भोंडसी का लोकार्पण किया। उन्होंने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के कामों की जमकर तारीफ की। कहा कि 2014 में जब भाजपा की विधानसभा में जीत हुई थी, उस समय मनोहर लाल जब मुझसे मिलने आए तो मैंने उनसे पूछा था कि मुख्यमंत्री किसको बनाया जाए तब मनोहर लाल ने 15 लोगों के नाम गिनवा दिए, लेकिन अपना नाम नहीं गिनवाया, ऐसा ही कर्मठ भाजपा कार्यकर्ता होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता के लिए 6600 करोड़ का दिवाली का तोहफा भेजा है। आत्मनिर्भर भारत की पहचान वंदे भारत अब सोनीपत जिले में बनने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा प्रदेश में बनने वाला एलिवेटेड रेलवे ट्रैक नजीर बनने जा रहा है। इसके आधार पर कई अन्य शहरों में ऐसे ट्रैक बनाए जाएंगे। पहले हुडा की 3डी सरकार थी। इसमें दरबारी, दामाद और डीलर भी थे। उसकी जगह प्रदेश का विकास करने वाली भाजपा की सरकार बनी। हरियाणा पहला राज्य है जिसमें कैरोसीन नहीं है, जो धुआं मुक्त बना है। सभी घरों में गैस का चूल्हा है। उन्होंने कहा खाद्यान और दूध उत्पादन में हरियाणा दूसरे स्थान पर आया है। आलिंपिक व नैशनल गेम में हरियाणा पहले स्थान पर आया है। देश का पहला पढ़ी लिखी पंचायतों वाला प्रदेश बना है। इस दौरान कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव, केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के स्थानीय सांसद कृष्णपाल गुर्जर और भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष ओपी धनखड़ भी मौजूद थे।
फरीदाबाद में गृह मंत्री अमित शाह ने 6600 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
RELATED ARTICLES