यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। सीएम योगी का हेलीकॉप्टर करीब 12:45 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक स्थल गौहनिया में पहुंचा। इस संबंध में बताया गया कि जनसंख्या नियंत्रण नीति पर चर्चा हुई। अयोध्या में भव्य दीप उत्सव की तैयारी के संबंध में मोहन भागवत को औपचारिक रूप से सीएम योगी ने निमंत्रण दिया। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया सघ प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच जनसंख्या नियंत्रण नीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसको रोकने के लिए कानून बनाने और इसे सख्ती से लागू करने पर वार्ता हुई। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार की आगामी नीति मे संघ के इस एजेंडे की झलक देखी जा जा सकती है। बताया गया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत और योगी आदित्यनाथ ने एक साथ दोपहर का भोजन भी किया। इस दौरान संघ के बड़े पदाधिकरियों के अलावा सह संघ कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले भी मौजूद रहे। संघ प्रमुख भागवत संगम नगरी में 12 अक्टूबर से ही प्रवास कर रहे हैैं। गौहनिया स्थित जयपुरिया कालेज में 16 अक्टूबर से तीन दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए वह आए हैैं। भागवत अधिवेशन के बाद भी कुछ दिन रुकेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने बुधवार शाम तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था। एडीजी, आइजी, डीएम समेत अन्य अधिकारी लगातार सक्रिय रहे।
मुख्यमंत्री व संघ प्रमुख की मुलाकात के दौरान पूर्व सरकार्यवाह भैय्या जी जोशी, डॉ. कृष्ण गोपाल, रामलाल, क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक रमेश सहित कुछ अन्य लोग भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में उठे जनसंख्या असंतुलन, मतांतरण, पर्यावरण, शिक्षा, आत्मनिर्भर भारत आदि विषयों को मुख्यमंत्री के समाने रखा गया। सरकार से आग्रह किया गया कि इन बिंदुओं पर ठोस नीति बनाए जाने की आवश्यकता है। संघ की ओर से निकट भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। यह भी बताया गया कि अगले माह नागपुर में संघ शिक्षा वर्ग का आयोजन है। इसें देश भर से 750 शिक्षार्थी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने संघ प्रमुख एवं विचार परिवार के सदस्यों के साथ दोपहर का भोजन भी किया। दिन में दो बजे के आसपास मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गौहनिया से लखनऊ के लिए रवाना हुआ।